मोहल्ला क्लीनिक को ही आरोग्य मंदिर में किया जा रहा तब्दील: आप

नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में स्थापित मोहल्ला क्लीनिक और डिस्पेंसरी पर रंगाई-पुताई करके आयुष्मान आरोग्य मंदिर बना रही है।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में बनाये गये मोहल्ला क्लीनिक के बाहर दीवार पर रंगाई- पुताई करके आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाने का काम कर रही है। राजधानी की भाजपा सरकार की यही हकीकत है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सौ दिनों की उपलब्धियों में 31 आरोग्य मंदिर बनाने का दावा कर रही है लेकिन हकीकत यह है कि मोहल्ला क्लीनिक को ही आरोग्य मंदिर बनाया जा रहा है। उन्होंने यहां चिराग दिल्ली स्थित आरोग्य मंदिर के सामने खड़े होकर कहा कि यह कोई आरोग्य मंदिर नहीं है। यह दिल्ली सरकार की डिस्पेंसरी है, जिसका तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने 2017 में उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा कि इस आरोग्य मंदिर के बाहर सिर्फ रंगाई-पुताई की गयी है, जबकि अंदर सब कुछ पहले जैसा है।

आप नेता ने कहा कि भाजपा नेता झूठ बोलने में रोज नये कीर्तिमान बना रहे हैं। आठ वर्ष पहले केजरीवाल सरकार द्वारा चिराग दिल्ली में बनायी गयी वातानुकूलित डिस्पेंसरी पर आज भी 2017 में हुये उद्घाटन का पत्थर लगा हुआ है। पत्थर पर उनका और तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का नाम आज भी अंकित है। अब कहा जा रहा है कि भाजपा सरकार ने यह नया आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाया है।

Next Post

जीरापुर जा रही यात्री बस पलटी लगभग दो दर्जन से अधिक लोग घायल

Tue Jun 17 , 2025
ब्यावरा:अनियंत्रित होकर यात्री बस पलटी, दो दर्जन से अधिक लोग घायल, ये घटना जीरापुर-माचलपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम धतुरिया एवं कवलसीखेडा के मध्य घटित हुई है। यह यात्री बस भालता राजस्थान से जीरापुर की ओर आ रही जोकि निजी यात्री महादेव बस है जो अनियंत्रित होकर पलट गई। यात्रियों का […]

You May Like