सीहोर. रक्तदान करना बहुत ही पुण्य का कार्य है. इससे मरीज की जिंदगी ही नहीं बचती है, उसका पूरा परिवार सुरक्षित हो जाता है. प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए ताकि जरुरतमंद मरीजों की जिंदगी को बचाया जा सके.
उक्त उद्गार वरिष्ठ समाज सेवी व भाजपा जिला कार्यालय मंत्री पंकज गुप्ता ने अस्पताल के ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर के शुभारंभ पर कहे. जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक में कार्यरत अम्बर मालवीय के पिताजी स्वर्गीय कमलेश मालवीय की 24 वीं पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. शिविर में मुख्य अतिथि नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर, भाजपा कार्यालय मंत्री पंकज गुप्ता सहित उपस्थितजनों के द्वारा स्व. मालवीय को पुष्पांजलि अर्पित कर युवाओं द्वारा 85 यूनिट रक्तदान किया.
इस मौके पर प्रिंस राठौर व पंकज गुप्ता ने कहा कि यह बहुत ही अनुकरणीय पहल है और हर नागरिक को रक्तदान करते रहना चाहिए. रक्तदान करने से ब्लड सर्कुलेशन होता है. वहीं किसी भी जरुरतमंद मरीज की जान बचाई जा सकती है.
