जम्मू (वार्ता) जम्मू कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा ने सोमवार को कहा कि केंद्रशासित प्रदेश में लोगों, खासकर युवाओं के बीच मतदाता जागरुकता के प्रसार के लिए स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) वैन चलायी जायेगी।
श्री वर्मा ने यहां निर्वाचन भवन मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद सत्र में यह जानकारी दी। विशेष रूप से डिजाइन किये गये वैन की विशेषताओं के बारे में कहा कि यह वाहन विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में जाएगा तथा मतदाताओं के बीच जागरुकता का प्रसार करेगा। मतदान प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए मतदाता पंजीकरण और नामांकन के लिए लोगों को बढ़ाने के लिए जम्मू कश्मीर दोनों क्षेत्रों में एक-एक वैन चलायी जाएगी। उन्होंने जनता को सटीक, स्पष्ट और समय पर अपडेट देने के लिए चुनाव मशीनरी और मीडिया के बीच प्रभावी सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने , मतदाता शिक्षा को बढ़ाने, एसवीईईपी के बारे में जागरुकता पैदा करने, मिथकों को दूर करने, गलत सूचनाओं और झूठे आख्यानों का मुकाबला करने में मीडिया की भूमिका को भी स्वीकार किया। पूर्व में हुए संसदीय और विधानसभा चुनावों में सफल कवरेज और योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने जनता तक समय पर और सटीक चुनाव संबंधी जानकारी प्रसारित करने में मीडिया बिरादरी से लगातार समर्थन की सराहना की।
मीडिया प्रतिनिधियों ने बेहतर समन्वय और अद्यतन जानकारी के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने जैसे बहुमूल्य सुझाव भी दिए।
