बेलखाडू/जबलपुर:बेलखाड़ू व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों रबी सीजन की बुवाई पूरी रफ्तार पर है। खेतों में गेहूँ और मटर की बुवाई जमकर चल रही है। किसानों के मुताबिक बीते महीने हुई असामान्य और तेज बारिश के कारण रबी सीजन लगभग 15–20 दिन लेट हो गया था। कई किसान समय पर खेत तैयार नहीं कर पाए थे, जिससे उनकी बुवाई भी पीछे चली गई।
इसी बीच मौसम ने अचानक करवट ली और तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेंट्रीग्रेट तथा अधिकतम 21 डिग्री रहा है। देर शाम से सुबह तक गिरने वाली ओस की बूंदे रबी फसलों जैसे गेहूं , मटर, चना, धनिया, और सरसों के लिए अमृतमय होंगी , ये ओस की बूंदे पड़ने से खेतों में नमी बनी रहेगी जो बुवाई के दौरान बीज को अंकुरित करेगी , ठंड बढ़ने का सबसे अधिक फायदा गेहूँ और मटर की फसल को मिल रहा है। इस बार बेलखाड़ू क्षेत्र में रिकॉर्ड गेहूं एवं मटर उत्पादन की संभावनाएं है ।
साथ ही कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ी ठंड से गेहूँ में टिलरिंग (नए तने)बेहतर होती है और पौधों की ग्रोथ मजबूत रहती है। वहीं मटर में फूल झड़ने की समस्या कम होती है और फली बनना अधिक होता है। ठंड के कारण फसलों में कीटों की सक्रियता भी कम हो जाती है, जिससे उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ता है।
