इंदौर: एमजी रोड पुलिस ने वाहन चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है. चोरी के दोपहिया वाहन देवास में बेचकर उन्हें टुकड़ों में काटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों से 6 एक्टिवा स्कूटर के साथ उनके पुर्जे और चेसिस बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है.
पुलिस को राजवाड़ा क्षेत्र से लगातार वाहन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं. इसी के तहत गठित टीम ने स्नेहलतागंज निवासी आमिर पिता अब्दुल मजीद को हिरासत में लिया.
पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने राजवाड़ा से 6 होंडा एक्टिवा स्कूटर चुराकर देवास निवासी साजिद पिता आबिद खान को बेच दिए थे. आमिर की निशानदेही पर देवास से साजिद को भी गिरफ्तार किया है. साजिद से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह वाहन 38 वर्षीय आजम पिता आलम खान निवासी कर्मचारी कॉलोनी, देवास को आगे बेचता था. पुलिस ने आजम को भी हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि साजिद द्वारा दी गई एक एक्टिवा को उसने छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर फेरीवालों को कबाड़ के रूप में बेच दिया. तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अब तक 4 एक्टिवा स्कूटर साबुत हालत में, जबकि 2स्कूटर के चेसिस व अन्य पुर्जे बरामद किए हैं. बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जार रही है.
