भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया, नहीं आए नल तो वार्डवासियों का फूटा आक्रोश, चक्का जाम कर जताया विरोध

गर्मी, अंधेरा, जलसंकट और नाराजग़ी : गुना में बिजली कटौती बनी जनता के लिए त्रासदी

गुना। जिले में भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की लापरवाही लोगों के लिए दोहरी मुसीबत बन गई है। गर्मी से बेहाल नागरिकों का गुस्सा अब सडक़ों पर फूटने लगा है। गत रात और फिर सुबह वार्ड क्रमांक 11 के छिगा चौराहा और कुमार मोहल्ला क्षेत्र के रहवासियों ने बिजली कटौती के खिलाफ चक्काजाम कर दिया। इस दौरान बच्चों ने भी अपनी गलियों में खाली बर्तन रखकर बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की।

हरिपुर से जोड़े फीडर ने बढ़ाई समस्या

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पहले उनका फीडर जयस्तंभ चौराहे स्थित उपकेन्द्र से जुड़ा हुआ था, जिससे बिजली आपूर्ति सामान्य रहती थी। लेकिन कुछ समय पूर्व बिजली विभाग के अधिकारियों ने उनका कनेक्शन बदलकर हरिपुर ग्रामीण क्षेत्र के बूढ़ेवाला फीडर से जोड़ दिया है। इसके बाद से ही पूरे मोहल्ले में बिजली संकट गंभीर हो गया है। स्थिति यह है कि दिनभर में सिर्फ 10 से 15 मिनट के लिए ही बिजली मिलती है, बाकी समय लाइट गायब रहती है।

रातभर अंधेरे में गुजरी, पानी के लिए हाहाकार

बुधवार की रात पूरे क्षेत्र में बिजली गुल रही, जिससे लोग रातभर गर्मी और मच्छरों के बीच तड़पते रहे। गुरूवार सुबह पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई, जिससे मोहल्ले के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए। इससे परेशान होकर क्षेत्रवासियों ने रात को फिर सुबह सडक़ पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। महिलाओं और बुजुर्गों के साथ बच्चे भी प्रदर्शन में शामिल हुए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

व्यवसायियों को भी भारी नुकसान

बिजली संकट से क्षेत्र के व्यवसायी भी खासे परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से आइसक्रीम, दूध और अन्य नाशवान वस्तुएं खराब हो रही हैं। इससे उन्हें हजारों रुपए का नुकसान झेलना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में जब बिक्री का समय होता है, तब बिजली नहीं होने से ग्राहक भी दुकान तक नहीं आ रहे।

जनप्रतिनिधि और विभाग पर लापरवाही के आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर पहले ही विधायक, पार्षद और संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया था, लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग आंखें मूंदे बैठा है और जनप्रतिनिधि भी सिर्फ आश्वासन देने तक सीमित हैं। क्षेत्र में रोजाना रात के समय भी बिजली लुका-छिपी का खेल खेलती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी हो रही है।

लोगों की चेतावनी – जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वह और बड़ा आंदोलन करेंगे। अब उनका सब्र टूट रहा है और प्रशासन को चेतना चाहिए कि भीषण गर्मी में जनता को राहत देना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इनका कहना है

इस बारे में उप प्रबंध मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी गुना राजेन्द्र सिंह ने बताया कि बिजली कंपनी निरंतर अपना मेंटीनेंस का काम करती है। पिछले चार पांच दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ा है। जिसके चलते एसी और कूलर चलने से लोड बढ़ा है। जब खपत का लोड बढ़ता है कि तो हमारी केवल पर लोड बढऩे के कारण उनमें आग लगने जैसी समस्या आ जाती है। लेकिन जैसे ही कंपनी को इसकी सूचना मिलती है तो हम युद्धस्तर पर उसे ठीक कराकर बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से चालू कर देते हैं। एक साथ अनेकों जगहों पर मेंटीनेंस संभव नहीं हो पाता है। फिर भी हमारी कोशिश रहती है कि लोगों को परेशानी न हो।

Next Post

पुलिस महानिरीक्षक से मिली पीडि़ता विधवा महिला 

Thu Jun 12 , 2025
आईजी ने पूरे मामले की जांच के लिए एसपी को दिये निर्देश आईजी ने दिया दोषियों पर कार्यवाही का आश्वासन सीधी। जिले के थाना रामपुर नैकिन के अन्तर्गत ग्राम कपुरी कोठार की विधवा महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने एवं उसके साथ मारपीट करने वाले आरोपियों पर पुलिस द्वारा […]

You May Like