नयी दिल्ली, 02 अगस्त (वार्ता) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय पूर्वोत्तर क्षेत्र के इच्छुक पेशेवरों के लिए विशेष रूप से 3डी एनीमेशन और विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स) में एक पूर्णतः आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है।
मंत्रालय की शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के माध्यम से अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के सभी छात्रों के लिए खुला है। इसके लिए 15 अगस्त तक एनएफडीसी के वेबसाइट पर पंजीकरण कराया जा सकता है ।
शिक्षण-प्रशिक्षण गाजियाबाद केंद्र में दिया जाएगा।
इसके लिए आवेदकों की आयु जून में कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। कार्यक्रम के सफल समापन पर, सभी प्रतिभागियों को एनएफडीसी और राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) द्वारा जारी एक संयुक्त प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में चयन के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम योग्यता 12वीं उत्तीर्ण या 10वीं उत्तीर्ण होने के साथ संबंधित उद्योग में कम से कम तीन वर्षों का अनुभव होना आवश्यक है। आवेदनों के प्रसंस्करण के लिए 1,180 रुपये (करों सहित) पंजीकरण शुल्क लागू है।
एनएफडीसी के प्रशिक्षण साझेदार एप्टेक लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस गहन आठ माह के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 100 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा और उन्हें उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पूर्ण रूप से सुसज्जित प्रशिक्षण केंद्र में शिक्षण प्रशिक्षण दिया जाएगा।

