शिवपुरी: जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के सोनीपुरा गांव में तीन अज्ञात बदमाशों ने प्लॉट निर्माण का झांसा देकर युवक विनोद जाटव का अपहरण कर लिया। युवक को कार में डालकर अगवा कर लिया गया और उसके परिजनों से दो लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई।युवक के मोबाइल से आए कॉल पर पुलिस सक्रिय हुई और मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर रातभर सर्चिंग के बाद सुबह युवक को सुनारी चौकी क्षेत्र के सड़ गांव के जंगल में बने एक खेत से सकुशल बरामद कर लिया गया।
अपहृत युवक विनोद के पिता पीतम जाटव निवासी ग्राम सोनीपुरा ने पोहरी थाने में शिकायत की। बताया कि तीन अज्ञात लोग उसके घर आए और बोले कि उन्हें मकान बनवाना है, विनोद को ठेका देना है। इसी बहाने विनोद का नंबर लेकर उससे फोन पर बात की और घर बुलाया। फिर तीनों में से एक युवक विनोद को कार में बैठाकर ले गया।कुछ समय बाद विनोद के मोबाइल नंबर से फोन आया, जिसमें विनोद ने खुद बताया कि उसे अगवा कर लिया है।
बदमाश दो लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। फोन कॉल पर अभद्रता और मारपीट करने की आवाज भी आ रही थीं। थाना प्रभारी रजनी चौहान ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस ने तुरंत युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की और उस स्थान पर रातभर सर्चिंग की। सुबह गांव के जंगल के भीतर बने एक खेत से विनोद को बरामद किया गया। वह डरा-सहमा हुआ था और उसके शरीर पर बेरहमी से मारपीट के निशान थे।
