देवास, 11 जून (वार्ता) कांग्रेस द्वारा मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किये जाने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि कांग्रेस सत्य का आईना दिखाने वालों का यही हाल करती है।
श्री शर्मा ने इस संबंध में यहां संवाददाताओं से कहा कि यह कांग्रेस संग़ठन का निर्णय है। इसमें हमें कुछ कहने की जरूरत नहीं है।
इसके साथ ही हालांकि उन्होंने कहा कि लक्ष्मण सिंह कभी-कभी कांग्रेस को सत्य का आईना दिखाते रहे हैं, तो कांग्रेस में सत्य का आईना दिखाने वालों का यही हाल होता है।
उन्होंने कहा कि लोग इस बात को जानते ही हैं, शायद लक्ष्मण सिंह के साथ भी ऐसा ही हुआ है।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई श्री लक्ष्मण सिंह को आज पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इसके पीछे उनकी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला दिया गया है।
श्री सिंह अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। वे कई अवसरों पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को भी सीख दे चुके हैं। उन्हें पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद राज्य में इस मामले को लेकर राजनीति शुरु हो गई है।

