जबलपुर: पनागर स्थित एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत रिकवरी एजेंटों ने आठ लाख रूपए का घपला कर दिया। एजेंटों ने लोन की राशि ग्राहकों से लेकर विश्वासघात कर हड़प ली। जब कंपनी मैनेजर ने जांच पड़ताल की तो गड़बड़झाला उजागर हुआ। जिसके बाद मामले की शिकायत थाने तक पहुंची। पुलिस ने रिपोर्ट पर दो एफआईआर दर्ज कर दोनों एजेंटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पनागर पेट्रोल पंप स्थित फाइनेंस कंपनी के मैनेजर नितेन्द्र राजपूत निवासी पनागर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीते तीन साल से संतोष ठाकुर निवासी सिहोरा और अंकित मेहरा निवासी नरसिंहपुर, कंपनी में काम करते थे। जिन्हें लोन की धन राशि की वसूली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जिन्होंने विश्वासघात किया। लोनधारकों से लोन की राशि तो वसूली लेकिन उसे कंपनी में जमा न करते हुए स्वयं डकार गए।
दोनों ने सन 2023-2025 के बीच ग्राहकों और कंपनी के साथ धोखाधड़ी की हैं। अंकित मेहरा ने 5 लाख 76 हजार तो संतोष ठाकुर ने 3 लाख 63 हजार रूपए हड़प लिए गए। जब बकाया राशि के लिए ग्राहकों से संपर्क किया तो घपले की जानकारी लगी इसके बाद जब जांच पड़ताल की गई तो दोनों एजेंटों द्वारा की गई धोखाधड़ी उजागर हुई।
