ग्वालियर: जिले के डबरा में रहने वाला मोहित सेन अपनी पत्नी को वापस पाने के लिए पुलिस-प्रशासन के अफसरों से गुहार लगा रहा है। मोहित की ग्वालियर की रहने वाली मनोरमा कुशवाह से बामौर के एक कॉलेज में पहली मुलाकात हुई थी। यह मुलाकात जल्द ही दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी करने के लिए घर वालों से बात की लेकिन अलग-अलग जातियां होने के चलते घर वाले उनकी शादी के लिए तैयार नहीं हुए।
आखिर में दोनों घर से भाग गए और 6 मई 2025 को ग्वालियर के आर्य समाज मंदिर में जाकर शादी कर ली। विवाह के बाद पत्नी मनोरमा ने अपने घरवालों को मनाने के लिए मायके जाने की इच्छा जताई। मनोरमा को भरोसा था कि शादी के बाद अब उसके परिवार वाले जरूर मोहित को स्वीकार कर लेंगे। इधर मोहित इंतजार कर रहा था लेकिन इसके बाद मनोरमा ने मोहित को फोन पर बताया कि उसके घर वाले उसकी दूसरी जगह शादी कराना चाहते हैं।
सोनम रघुवंशी का दिया उदाहरण
ऐसे में अब मोहित कलेक्टर दफ्तर से लेकर एसपी ऑफिस तक पत्नी को हासिल करने गुहार लगा रहा है। मोहित का कहना है कि हमारी शादी हो गई है। एक दूसरे से प्यार करते है, फिर भी यदि मनोरमा के घरवाले दूसरी जगह जबरन शादी कराते है तो इंदौर की सोनम रघुवंशी जैसे हालात बन जाते है। कोई भी कुछ करने मजबूर हो जाता है।
एसडीएम ने कहा…
एसडीएम का कहना है कि मोहित ने आर्यसमाज में शादी करने का सर्टिफिकेट बताया है। इस मामले में युवक को पुलिस के जरिए उचित कानूनी मदद दिलाने को कहा है।
