झाबुआ: ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मेलन झाबुआ ब्लॉक की सबसे बड़ी पंचायत करडावद बड़ी में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, क्षेत्रीय विधायक एवं आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया, विशेष अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रांका, मप्र कांग्रेस महासचिव निर्मल मेहता थे। इस अवसर पर सम्मेलन में 3 जून को भोपाल में आयोजित राहुल गांधी द्वारा संगठन सृजन अभियान में लिए गए निर्णय और उस पर अमल करने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिए गए।
जिसमें समस्त कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। क्षेत्र के कांग्रेस नेता हेमचंद डामोर ने क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं जिनमे बिजली, ट्रांसफार्मर, पानी के टैंकर व अन्य समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा की संपूर्ण प्रदेश और जिले में जो विकास दिख रहे हैं यह सब कांग्रेस पार्टी की देन है। भाजपा और भाजपा के नेता सिर्फ वाह वाही लूटने के अलावा कोई काम नहीं कर रहे हैं, जनता को भ्रमित करना ही यह विकास समझ रहे हैं, अब जनता उनके क्रियाकलापों से अवगत हो चुकी है, अब हम सबको गांव-गांव जाकर कांग्रेस पार्टी की रीती नीतियों से और राहुल गांधी की मंशा से आमजन को अवगत कराकर पार्टी को मजबूत बनाने में लग जाना है।
मैं देश के आदिवासियों के लिए लड़ाई लड़ रहा हूं
विधायक डॉ भूरिया ने कहा की क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना ही मेरी प्राथमिकता है। विधानसभा क्षेत्र में 133 पंचायतें आती है, जिनमें कई बड़े-बड़े गांव भी है, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है, वहीं भाजपा सरकार आदिवासियों के हितार्थ जन कल्याणकारी योजनाएं लागू करने में अक्षम साबित हो रही है जो भी विकास कार्य हुए हैं कांग्रेस कार्यकाल में हुए। वही कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश देते हुए उन्होंने कहा की राहुल गांधी के संगठन सृजन अभियान के तहत अब हमें पार्टी को मजबूत बनाने में भागीदारी सुनिश्चित करना है।
