भोपाल, 06 जून (वार्ता) कांग्रेस के मध्यप्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगभग एक दर्जन बार कह चुके हैं कि भारत ने उनके कहने पर “सरेंडर” किया है, फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार के मंत्री या सत्तारुढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कोई नेता इस संबंध में स्पष्ट क्यों नहीं कर रहा है।
श्री पटवारी ने यहां पत्रकारों से चर्चा में यह बात कही। दरअसल तीन जून को वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भोपाल यात्रा के दौरान “नरेंदर सरेंडर” संबंधी बयान दिया था। इसके बाद भाजपा के अनेक नेताओं ने इस पर आपत्ति जतायी। इसी संदर्भ में श्री पटवारी ने यहां कहा कि भाजपा नेताओं को आपत्ति उठाने की बजाए इस संबंध में स्पष्ट करना चाहिए कि ट्रंप ऐसा क्यों कह रहे हैं।
श्री पटवारी ने कहा कि इसलिए ही कांग्रेस नेता श्री गांधी बार बार पूछना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हम भी सम्मान करते हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री देश का होता है, यह किसी दल का नहीं होता है। श्री पटवारी ने कहा कि लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में हमें देशहित में सवाल पूछने का अधिकार है और केंद्र सरकार को इस संबंध में स्पष्ट करना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति श्री गांधी के बयान के बाद भी दो बार अपनी बात दोहरा चुके हैं कि उन्होंने व्यापार बंद करने की बात कहकर सरेंडर करवाया है। फिर इस संबंध में संबंधितों से स्पष्टीकरण क्यों नहीं आ रहा है।
