जकार्ता 05 जून (वार्ता) सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने डेनमार्क की जोड़ी रासमस क्येर और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन को हराकर इंडोनेशिया ओपन के प्री- क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। वहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु प्री-क्वार्टरफाइनल में स्थानीय पोर्नपावी चोचुवोंग से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ वह टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
आज यहां पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने डेनमार्क की जोड़ी रासमस क्येर और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन को 16-21, 21-18, 22-20 से हराया।
पहला गेम हारने के बाद सात्विक-चिराग ने शानदार वापसी की और दूसरा गेम 14-14 की बराबरी के बाद उन्होंने अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए अपने नाम कर लिया। निर्णायक गेम में दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। सात्विक-चिराग ने एक मैच प्वाइंट बचाया और एक घंटे आइ मिनट तक चले मुकाबले में रोमांचक जीत दर्ज की। महिला एकल बैडमिंटन रैंकिंग में 21वें स्थान पर काबिज सिंधु पहला गेम जीतने के बाद थाईलैंड की छठी वरीयता प्राप्त और विश्व की आठ नंबर की खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग से 22-20, 10-21, 8-21 से हार गईं।
पहला गेम काफी कड़ा रहा। मिड-गेम ब्रेक में पोर्नपावी 11-10 से आगे थीं और फिर उन्होंने बढ़त 16-10 कर ली। लेकिन सिंधु ने वापसी करते हुए स्कोर 18-18 कर दिया। पोर्नपावी को 20-19 पर पहला गेम प्वाइंट मिला, लेकिन सिंधु ने शानदार वापसी करते हुए गेम जीत लिया।
दूसरा गेम पूरी तरह से पोर्नपावी के नाम रहा। उन्होंने आसानी से यह गेम जीतकर मुकाबले को तीसरे गेम तक पहुंचाया। निर्णायक गेम में सिंधु ने 11-8 और 15-11 की बढ़त बनाई, लेकिन वह उसे कायम नहीं रख सकीं और एक घंटे और 18 मिनट में मुकाबले में हार गईं। इसी के साथ एकल मुकाबले में भारत की चुनौती खत्म हो गई है।
महिला युगल में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद को जापान की युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो से सीधे गेम में हार मिली। दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने संघर्ष किया, लेकिन वे 13-21, 22-24 से हार गईं।
इसके अलावा सतीश करुणाकरण और आद्या वरियत को थाईलैंड की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी डेचापोल पूअवरानुकरोह और सुपिसारा पेवसंपरान ने 21-7, 21-12 से हराया।
