
इंदौर। सिमरोल के आशापुरा जंगल में मिले कोरियोग्राफर अमित पाल की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. आरोपियों में बाणगंगा क्षेत्र का बदमाश वीरू और उसके दो साथी शामिल हैं, जिन्होंने पूछताछ में हत्या करना कबूल लिया है. पुलिस कल मामले मेआधिकारिक खुलासा करेगी.
अमित पाल अन्नपूर्णा क्षेत्र की सिल्वर ऑक्स कॉलोनी का रहने वाला था और कोरियोग्राफर के रूप में काम करता था. कुछ दिन पहले वह घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिजनों की रिपोर्ट के बाद तलाश शुरू की गई और आखिरकार उसका शव सिमरोल के जंगल में मिला. पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की आशंका सामने आई थी. सूत्रों के अनुसार, अमित की किसी लड़की से दोस्ती को लेकर आरोपियों को आपत्ति थी. इसी रंजिश के चलते उसे साजिश के तहत बुलाया और उसकी हत्या कर दी गई. आज अमित के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है. पुलिस के मुताबिक, हत्यारों को पकड़ लिया गया है और जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा मामले का खुलासा किया जाएगा.
