
सीधी। स्कूल शिक्षा विभाग ने मृतक शिक्षक नागेन्द्रमणि विश्वकर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने वाले संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा के.पी.तिवारी से संयुक्त संचालक का प्रभार छीनकर आज नीरव दीक्षित को प्रभार सौंपने का आदेश जारी किया। नवभारत ने इस मामले को शीर्षक शिक्षा विभाग का कमाल: मृतक शिक्षक को जारी कर दिये कारण बताओ नोटिस खबर का प्रकाशन 27 मई को किया था।
विगत दिनो 22 से 27 मई तक शासकीय मार्तण्ड उमावि क्रमांक 1 रीवा में राज्य आनंद संस्थान द्वारा शिक्षकों के मानवीय गुणों के विकास हेतु सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों पर आधारित कार्यक्रम आनंद सभा प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। जिसमें सीधी जिले के शिक्षकों को भी प्रशिक्षण में शामिल होना था। उसी तारतम्य में सीधी जिले के रामपुर नैकिन विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय बहुद्देशीय कन्या उमावि रामपुर नैकिन के शिक्षक नागेन्द्रमणि विश्वकर्मा जो 14 माह पूर्व मृतक हो चुके थे उनको अनुपस्थित बताते हुये कारण बताओ नोटिस जारी कर दी गई। इसकी जानकारी मिलते ही आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने उक्त नोटिस पर आपत्ति जताई, साथ ही मृतक शिक्षक के परिजनों ने भी शिक्षा विभाग के उक्त आदेश से उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ और हास्यास्पद बताया था। नवभारत ने उक्त खबर को प्राथमिकता से प्रकाशित किया। अंतत: मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग ने संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा के.पी.तिवारी से प्रभार छीनकर नीरव दीक्षित को संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा का प्रभार सौंपने का आदेश जारी करना पड़ा।
