गंगटोक (वार्ता) सिक्किम में चुबोम्बु के पास तीस्ता नदी में 11 लोगों को ले जा रहे एक पर्यटक वाहन के गिरने के बाद लापता हुए चार महिलाओं सहित आठ लोगों की तलाश और बचाव अभियान शनिवार को मूसलाधार बारिश और नदी के उफान के कारण बाधित हो गया।
सिक्किम सरकार द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार, लापता आठ लोगों में ओडिशा के चार, उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के दो-दो लोग शामिल हैं। जाजपुर से ओडिशा महिला मोर्चा की नेता इतिश्री जेना लापता लोगों की सूची में शामिल हैं।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब वे लाचुंग जा रहे थे। सूत्रों ने बताया कि उनके बचने की संभावना बहुत कम है।
दुर्घटना के शिकार 11 में से एक का शव बरामद कर लिया गया जबकि दो अन्य को बचा लिया गया और गंगटोक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिक्किम सरकार ने लापता व्यक्तियों की पहचान ओडिशा के अजीत कुमार नायक, सुनीता नायक, साहिल जेना और इत्शिरी जेना, त्रिपुरा के देबज्योति जॉय देव, स्वप्निल देब, उत्तर प्रदेश के कौशलेंद्र प्रताप सिंह और अंकिता सिंह के रूप में की है। ऐसा प्रतीत होता है कि तीनों परिवारों के सदस्यों ने उत्तरी सिक्किम में यात्रा करने के लिए सिक्किम में पंजीकृत वाहन को संयुक्त रूप से किराए पर लिया था।
सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला कलेक्टर, मंगन के कार्यालय से प्राप्त नवीनतम अपडेट के अनुसार क्षेत्र में बादल फटने से हुई भारी वर्षा के कारण लाचेन रोड एक्सिस पूरी तरह से कट गया है। तीस्ता नदी में जल स्तर बढ़ गया है। लाचुंग रोड एक्सिस भी कल रात से बंद था और आज शाम को बहाल कर दिया गया। पेगोंग (चुंगथांग) से शिपगियर, संगकालांग होते हुए फिदांग तक की सड़क कई भूस्खलनों के कारण बंद हैं। एनडीआरएफ ने एसडीआरएफ की एक अतिरिक्त नई टुकड़ी के साथ आज दुर्घटना स्थल पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया लेकिन नदी के जल स्तर में वृद्धि के कारण बचाव अभियान जारी नहीं रखा जा सका। इसके अलावा, खराब मौसम की स्थिति ने बचाव अभियान को रोक दिया।
मंगन के जिला कलेक्टर अनंत जैन वर्तमान में क्षेत्र में तैनात हैं और व्यक्तिगत रूप से खोज प्रयासों और सड़क की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
इस बीच, पुलिस अधीक्षक सोनम देचू भूटिया ने पुष्टि की है कि खोज और बचाव दल ने दुर्घटना स्थल के पास नदी के किनारे से चार पहचान पत्र तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वाहन में सवार 11 लोगों में से, ओडिशा के दो व्यक्ति, जिनका नाम स्वयं सुप्रतिम नायक और साईराज जेना है, को दुर्घटना की रात (29 मई) बचा लिया गया और उनका एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक में इलाज चल रहा है।
चालक की पहचान उत्तरी सिक्किम के सिंघिक निवासी पासांग डेनू शेरपा के रूप में हुई है।
एसपी मंगन की आधिकारिक जानकारी के अनुसार वर्तमान में लाचेन में करीब 115 पर्यटक ठहरे हुए हैं, जबकि लाचुंग में करीब 1,350 पर्यटक ठहरे हुए हैं। चूंकि कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण दोनों अक्षों से बाहर निकलने के रास्ते बंद हैं इसलिए पर्यटकों को अपने होटलों में ही रहने की सलाह दी गई है और सड़कें पूरी तरह खुल जाने के बाद उन्हें निकाला जाएगा। कल दोपहर से बाधित बिजली आपूर्ति आज शाम को बहाल कर दी गई। पूरे चुंगथांग में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है और इसे कल तक बहाल करने के प्रयास जारी हैं। मोबाइल नेटवर्क कल शाम से बाधित था और आज अपराह्न तीन बजे के बाद बहाल हो गया।
