भारत अगले 30 वर्ष तक सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा: पीयूष गोयल

नयी दिल्ली (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत अगले 30 वर्षों तक दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा।

राजधानी में उद्योग मंडल सीआईआई के वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन 2025 में भारत की आर्थिक प्रगति पर चर्चा करते हुए श्री गोयल ने कहा कि देश ने छह-सात प्रतिशत की निरंतर वृद्धि को बनाए रखा है और स्थिर मूल्यों पर इसे आठ प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय उथल-पुथल के बीच भी, हम बेहतर प्रदर्शन करने वाले उभरते बाजारों में से हैं। आज, भारत के पास दुनिया का चौथा सबसे बड़ा विदेशी मुद्रा भंडार है, जो लगभग 690 अरब डॉलर है। पिछले तीन महीनों से हमारी मुद्रास्फीति चार प्रतिशत से नीचे बनी हुई है। रिजर्व बैंक ने तरलता और मुद्रा प्रबंधन के बीच संतुलन बनाने का सराहनीय काम किया है।”

श्री गोयल ने भारत को निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बताते हुए कहा “पिछले 20-25 वर्षों में, भारतीय कंपनियों ने साल दर साल लगभग 20 प्रतिशत का प्रतिफल दिया है, जिससे भारत एक आकर्षक निवेश गंतव्य बन गया है। एफडीआई प्रवाह लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। उन्होंने कहा,”हम अंतरराष्ट्रीय व्यापार संबंधों के माध्यम से विकास पथ पर वापस आ गए हैं।”

उन्होंने विभिन्न मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर प्रगति का हवाला दिया, जिसमें यूएई, ऑस्ट्रेलिया, यूके, चार ईएफटीए देश (आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विटजरलैंड) और अमेरिका के साथ चल रहे द्विपक्षीय व्यापार समझौते की वार्ता शामिल हैं। उन्होंने कहा, “हम अमेरिका के साथ अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर अच्छी तरह से आगे बढ़ रहे हैं और यूरोपीय संघ के 27 देशों के समूह के साथ तेजी से प्रगति कर रहे हैं। हमने न्यूजीलैंड के साथ भी बातचीत शुरू की है।”

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि ईएफटीए देशों ने अगले 15 वर्षों में भारत में 100 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके कुल 500 अरब डॉलर के निवेश में तब्दील होने की उम्मीद है। इसके अलावा, इस निवेश के इर्द-गिर्द जो बड़ा पारिस्थितिकी तंत्र बनाया जाएगा, उसमें अतिरिक्त 500 अरब डॉलर आकर्षित करने की क्षमता है। श्री गोयल ने कहा, “हमारा लक्ष्य छोटा नहीं है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस आंकड़े में नॉर्वेजियन पेंशन फंड से निवेश शामिल नहीं है और यह शुद्ध एफडीआई है। उन्होंने आगे बताया कि यह दुनिया का पहला मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) है जिसमें इस तरह का दूरदर्शी निवेश खंड शामिल है।

श्री गोयल ने भारत की निरंतर आर्थिक प्रगति पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि आईएमएफ ने अनुमान लगाया है कि 2027 तक भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा जीडीपी वाला देश होगा।

Next Post

चालू वित्त वर्ष में जीडीपी वृद्धि 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान: आरबीआई रिपोर्ट

Fri May 30 , 2025
नयी दिल्ली (वार्ता) भारतीय अर्थव्यवस्था चालू वित्त वर्ष में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखेगी और इस दौरान वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि 6.5 प्रतिशत और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित मुद्रास्फीति 4 प्रतिशत रहने का अनुमान है। भारतीय रिजर्व […]

You May Like