रियो डी जनेरो, 29 मई (वार्ता) ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा ने साफ किया है कि ब्राजील और अमेरिका के संबध ‘बिना शर्त’ वाले नहीं हैं।
श्री विएरा ने यहां चैंबर ऑफ डेप्युटीज के तहत एक समिति को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्राजील के साथ अमेरिका के संबंध बिना शर्त के नहीं हैं। इस बीच ऐसी आशंकाएं जताई जा रही हैं कि नवीन अमेरिकी प्रतिबंध ब्राजील के नागरिकों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
श्री विएरा ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए नए वीजा निलंबित करने के अमेरिकी सरकार के हाल के फैसले पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा,“यह एक चिंताजनक स्थिति है। अमेरिकी विश्वविद्यालयों में बड़ी संख्या में ब्राजील के छात्र हैं और हमें इस पर नज़र रखनी होगी कि यह मामला कैसे सामने आता है।”
श्री विएरा ने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय समझौतों के तहत मेजबान देश बहुपक्षीय आयोजनों के लिए वीजा देने के लिए बाध्य हैं जिनमें संयुक्त राष्ट्र या अमेरिकी राज्यों के संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि अमेरिकी वीजा निलंबन के फैसले में शैक्षणिक संबंधों को बाधित करने की क्षमता होने के कारण यह ब्राजील में चिंता पैदा कर रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यह कदम प्रतिभा विनिमय में बाधा डाल सकता है और दोनों देशों के बीच शैक्षणिक सहयोग को धीमा कर सकता है। श्री विएरा ने कहा कि कार्यबल विकास और नए प्रयोगों के लिए ब्राजीली नागरिकों को विदेशों में उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना देश की राष्ट्रीय रणनीति का अहम हिस्सा है ।

