सीहोर. सोया चौपाल के समीप हाईवे स्थित बड़ली से गिट्टी भरकर आ रहे ट्रैक्टर- ट्राली के चालक ने वाहन को रांग साईड से चलाते हुए सामने से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में 6 वर्षीय मासूम बालक सहित तीन महिलाएं घायल हो गईं. सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है. पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
हादसे में अंकित राठौर के छह वर्षीय पुत्र निहित राठौर को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों बबीता राठौर, गोल्डी राठौर एवं पूनम राठौर को मामूली चोट आने पर प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई. पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.यह पहला वाक्या नहीं है जब इस स्थान पर सड़क हादसा हुआ है. पूर्व में भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं. इसका कारण है गिट्टी से भरे डम्पर और ट्रैक्टर- ट्रालियों का गलत दिशा से आना.
