जबलपुर: शहर में कहीं भी जलप्लावन की स्थिति निर्मित न हो, नाला-नालियों और कंजरवेंसियों की सफाई नियमित रूप से की जाए, जलप्लावन के लिए चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी रखी जाए। जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए । मानसून काल के दौरान जिम्मेदार अधिकारी 24 घंटे अपने-अपने मोबाइल चालू रखें। अगर मोबाइल किसी भी अधिकारी का बंद पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ये सारे निर्देश निगमायुक्त प्रीति यादव ने बुधवार को नगर निगम के 4 विभागों के अधिकारियों के साथ ली हुई बैठक में दिए।
निगमायुक्त ने इस दौरान ये भी कहा कि आप लोग आपसी समन्वय बनाकर बारिश के जल की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, लोककर्म विभाग, फायर और अतिक्रमण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर निगमायुक्त प्रीति यादव ने बारिश के समय जलप्लावन की स्थिति से निपटने के लिए संभाग क्रमांक 1 से संभाग क्रमांक 15 तक के अधिकारियों को दायित्व सौंप दिए हैं।
