रीवा:कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रकरण के बिना किसी कार्यवाही के एल-1 से एल-2 में जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करें.समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित सभी आवेदन एक सप्ताह में निराकृत करें. सीएम मानिट के बिन्दुओं पर भी कार्यवाही करके पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें.
सभी संभागीय अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करके जल गंगा संवर्धन अभियान की मानीटरिंग करें. अभियान के तहत जल संरक्षण के कार्यों में श्रमदान करके भी भागीदारी निभाएं. कमिश्नर ने कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान 29 मई से 12 जून तक चलाया जाएगा. संयुक्त संचालक कृषि अधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों के जिलेवार दल तैनात कर दें. कृषि दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार प्रत्येक पंचायत का अनिवार्य रूप से भ्रमण करें तथा किसानों को खेती को बेहतर करने के उपाय बताए. भ्रमण के दौरान ड्रोन का भी प्रदर्शन अनिवार्य रूप से कराएं.
