आष्टा। नगर में अतिक्रमण की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है. शहर की गलियों से लेकर प्रमुख मार्गों तक हर जगह अवैध कब्जों ने आमजन का जीना दुश्वार कर दिया है. हैरानी की बात यह है कि अब यह समस्या शहर के सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल बस स्टैंड तक जा पहुंची है.
स्थानीय बस स्टैंड पर अब अतिक्रमणकारियों की नजर पड़ चुकी है. रात्रि के समय कुछ लोग अपने निजी वाहन, जैसे ऑटो, टैक्सी और कभी-कभी ट्रक तक यहां लाकर पार्क करने लगे हैं. धीरे-धीरे यह संख्या बढ़ती जा रही है और बस स्टैंड का अधिकांश भाग इन वाहनों से भर जाता है, जिससे बसों के आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है. बस चालकों का कहना है कि उन्हें यात्रियों को लेने और छोडऩे में काफी दिक्कत होती है. वहीं यात्रियों को भी बस तक पहुंचने के लिए इन अवैध रूप से खड़े वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे असुविधा और दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
