सीधी जिले में उपार्जन केन्द्रों का संयुक्त दल द्वारा औचक निरीक्षण 

सीधी। जिले में धान उपार्जन कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, उपायुक्त सहकारिता विभाग, मध्यप्रदेश स्टेट वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पाेरेशन तथा सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रियल सिंह एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संदीप तिवारी द्वारा चंदवाही, पतुलखी, अमिलिया, अमिरती एवं बमुरी उपार्जन केन्द्रों का अवलोकन किया गया।

अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान धान की गुणवत्ता, तौल प्रक्रिया, स्टैकिंग व्यवस्था तथा परिवहन प्रबंधन की बारीकी से जांच की। संबंधित केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए एवं किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी उपार्जन केन्द्रों पर शासन के निर्देशानुसार नियमित, पारदर्शी एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Post

नये ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून पर कांग्रेस का शोर केवल राजनीति है: शिवराज चौहान

Sat Dec 27 , 2025
नयी दिल्ली , 27 दिसंबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि ग्रामीण रोजगार गारंटी का कानून पहले से बेहतर तथा पिछड़ी ग्राम पंचायतों के लिए अधिक फायदेमंद है और इसके विरुद्ध ‘ कांग्रेस का शोर सिर्फ राजनीतिक है।’ श्री चौहान ने […]

You May Like