आदिवासी महिला के साथ बर्बर सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

भोपाल, 26 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक आदिवासी महिला के साथ हुए बर्बर सामूहिक दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या की घटना के विरोध में आज मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में उग्र प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने किया। उन्होंने घटना को प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सीधा सवाल बताते हुए कहा कि आदिवासी बहनों की सुरक्षा के नाम पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाली राज्य सरकार की असलियत सामने आ चुकी है। महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।
महिला कांग्रेस ने इस अमानवीय घटना की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की।
खंडवा जिले के आदिवासी अंचल खालवा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले एक महिला अपने घर से कुछ दूर के एक घर में बेहोशी की हालत में मिली। बेहद गंभीर स्थिति में मिली महिला ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। आरोप है कि उसके साथ दो लोगों ने बेहद नृशंस तरीके से सामूहिक दुष्कर्म किया। बर्बरता के चलते महिला की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर महिला के दो परिचितों को पकड़ा है।
इस हत्याकांड की बर्बरता के चलते इसे दिल्ली के निर्भया कांड की तरह माना जा रहा है।

Next Post

पुणे और दानापुर के मध्य चलेगी ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन

Mon May 26 , 2025
भोपाल, 26 मई (वार्ता) गर्मी के मौसम में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा गाड़ी संख्या 01417/01418 पुणे–दानापुर–पुणे ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन दो-दो ट्रिप चलाई जा रही है। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के भोपाल रेल मंडल के इटारसी स्टेशन पर ठहरकर अपने गंतव्य तक जाएगी। भोपाल […]

You May Like