जॉर्जटाउन (गुयाना) 26 मई (वार्ता) गुयाना के उपराष्ट्रपति भारत जयदेव ने पहलगाम में आतंकवादी हमले कड़ी निंदा की और भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा चलाये गये ऑपरेशन सिन्दूर का समर्थन किया है।
वरिष्ठ सांसद डॉ. शशि थरूर के नेतृत्व में यहां आये बहुदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से यहां उपराष्ट्रपति जगदेव ने मुलाकात कर उन्हें पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के संबंध में भारत के रुख अवगत कराया। श्री जगदेव ने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने के उद्देश्य से भारत के ऑपरेशन सिंदूर के प्रति समर्थन व्यक्त किया है।
यह बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के विरुद्ध भारत के दृढ़ रुख को प्रस्तुत करने तथा पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी गतिविधियों के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के लिए अमेरिका तथा उसके समीपवर्ती देशों की यात्रा पर है।
बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तेजस्वी सूर्या ने गुयाना यात्रा में आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता का आह्वान किया है। यहां टेक्सिला अमेरिकन यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करते हुए श्री सूर्या ने आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त न करने की मोदी सरकार की नीति का उल्लेख किया। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की अथक लड़ाई पर जोर दिया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से किसी भी देश से समर्थित आतंकवादी गतिविधियों की निंदा करने में एकजुट होने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा, “दुनिया को सरकार प्रायोजित आतंकवाद का विरोध करने और शांति बनाए रखने के लिए एकजुट होना चाहिए। ऑपरेशन सिंदूर जैसी निर्णायक कार्रवाइयों के माध्यम से भारत इस वैश्विक प्रयास में सबसे आगे है।”
टेक्सिला अमेरिकन यूनिवर्सिटी भारत-गुयाना संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस विश्वविद्यालय में 2010 से 538 से अधिक भारतीय छात्र और 76 भारतीय संकाय सदस्य अध्ययन के लिए आ चुके हैं, जबकि 234 से अधिक भारतीय स्नातक गुयाना की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में सेवा दे रहे हैं।
श्री जगदेव के साथ बैठक के बाद श्री सूर्या ने कहा, “हमारे प्रतिनिधिमंडल ने उपराष्ट्रपति जगदेव से मुलाकात की और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। श्री जगदेव देश के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक हैं और उन्होंने प्रमुख विकास परियोजनाओं पर भारत के साथ साझेदारी करने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है। गुयाना द्वारा नए तेल भंडारों की खोज और प्रभावशाली विकास दर को बनाए रखने के साथ, भारतीय व्यवसायियों के लिए अपार संभावनाएं हैं। हमने दोनों देशों के बीच तालमेल और सहयोग के इन क्षेत्रों पर चर्चा की।”

