
सीधी। शहर के जमोड़ी चौराहा में आज टोल प्लाजा से बचकर अंदर के मार्ग से आ रहे सीमेंट से लोड ट्रेलर के ड्राइवर पर बाइक सवारों के हमला करने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया। बाइक सवारों के हमले में ड्राइवर का एक हांथ गंभीर रूप से चोंटिल हो गया है। ट्रेलर के पलटते ही बाइक सवार हमलावर आनन-फानन में मौके से भाग खड़े हुए। मिली जानकारी के अनुसार सीमेंट से लोड ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीएन 4963 आज सोनवर्षा टोल प्लाजा के टैक्स से बचने के लिए तेंदुआ से प्रधानमंत्री सडक़ मार्ग से ग्राम करगिल, अमरवाह होते हुए सीधी आ रहा था। अमरवाह रेलवे के समीप विद्युत लाइन का सर्विस तार ट्रेलर की चपेट में आकर टूट जाने से अज्ञात लोगों ने बाइक में सवार होकर पीछा किया। दहशत के कारण ट्रेलर ड्राइवर राजबहादुर यादव निवासी ग्राम पोखरा जिला सीधी रुकने की बजाय तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। जमोड़ी चौराहा मुख्य मार्ग में आते ही बाइक सवारों ने साइड में आकर ट्रेलर ड्राइवर के हांथ में डंडा से कई प्रहार किए। जिसके चलते ड्राइवर का हाथ लहूलुहान हो गया और स्टेरिंग पर से वह अपना नियंत्रण खो बैठा। दोपहर करीब 12 बजे अनियंत्रित ट्रेलर के पलटते ही बाइक सवार हमलावर भी भाग खड़े हुए। सूचना मिलने पर जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ट्रेलर ड्राइवर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रेलर के केबिन में घटना के बाद ड्राइवर की औरत और बच्चे भी मौजूद थे। गनीमत यह रही कि ट्रेलर के पलटने से इनको कोई चोंटे नहीं आई। बताया गया है कि ड्राइवर की औरत और बच्चे कहीं धार्मिक स्थल में पूजा-अर्चना करने के लिए गए थे और वापस अपने गृह ग्राम की ओर ट्रेलर में सवार होकर आ रहे थे।
सोनवर्षा टोल प्लाजा में गुंंडागर्दी चरम पर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में जिला मुख्यालय के समीपी सोनवर्षा टोल प्लाजा में मालवाहकों से मनमानी वसूली को लेकर गुंडागर्दी चरम पर है। मनमानी टोल टैक्स देने से बचने के लिए काफी संख्या में मालवाहक अमरवाह, करगिल मार्ग से होते हुए निकलते हैं। लेकिन उक्त मार्ग में भी टोल प्लाजा के गुर्गे जगह-जगह तैनात हैं और उनके द्वारा भी अवैध वसूली की जाती है। बताया गया है कि रात में सबसे ज्यादा रेत से लोड हाइवा निकलते हैं और इनसे भी मनमानी वसूली की जाती है। टोल प्लाजा के बेजा टैक्स से बचने के लिए घटना का शिकार हुआ सीमेंट से लोड ट्रेलर को भी ड्राइवर द्वारा निकालने का प्रयास किया जा रहा था। किंतु वह हमलावरों की चपेट में आकर जहां धायल हुआ वहीं ट्रेलर की पलटने से काफी क्षति हुई।
इनका कहना है
सीमेंट से लोड ट्रेलर वाहन के पलटने की घटना की विवेचना की जा रही है। चोंटिल ड्राइवर को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
दिव्यप्रकाश त्रिपाठी
थाना प्रभारी जमोड़ी
