जबलपुर: शहर के नामचीन हॉस्पिटल मार्बल सिटी में सेवाएं दे रहे डॉक्टर सतेन्द्र का काला चिट्ठा जुटाने पुलिस ने पड़ताल तेज कर दी है। सूत्रों की माने तो दो टीमें शहर से रवाना हुई हैं जो प्रयागराज और कटनी में छापेमारी करने पहुंची हैं। दरअसल कटनी निवासी ब्रजराज की अंकसूची 2012 में चोरी हुई थी। सतेन्द्र ने बृजराज की तस्वीर बदलने के बाद उसकी फर्जी अंकसूची तैयार करने के बाद फर्जीवाड़ा किया था।
सतेन्द्र मूलत: प्रयागराज का रहने वाला है जिसके पिता रेलवे में थे। पढ़ाई प्रयागराज में की थी। इसके बाद सतेन्द्र और ब्रजराज में दोस्ती हुई थी। हाईस्कूल के बाद की पढ़ाई सतेन्द्र ने कटनी में ही बृजराज के साथ की थी। टीमें स्कूलों से दस्तावेज जुटाने के साथ अन्य बिन्दुओं पर जांच कर रही हैं।
वहीं मार्बल सिटी में सेवाएं दे रहे डॉक्टर सतेन्द्र द्वारा किए गए फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद अब शहर में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि मार्बल सिटी समेत अन्य अस्पतालों में सेवाएं देने वाले डॉक्टरों में न जाने ऐसे कितने जालसाज डॉक्टर होंगे जो मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ये भी चर्चाएं तेज है कि अगर सहीं तरीके से जांच हो जाएं तो कई और गड़बड़झाले सामने सकते हैं। जिसके साथ ही ऐसे जाली डॉक्टरों पर मेहरबानी करने वालों के चेहरे भी बेनकाब हो सकते हैं।
