शादी के जश्न में महिलाओं ने भी की हर्ष फायरिंग, 6 पर केस दर्ज

ग्वालियर: बदनापुरा इलाके से एक बार फिर खुलेआम हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आया है। हैरानी की बात यह रही कि फायरिंग करने वालों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। यह वीडियो बदनापुरा की गलियों में हुई एक शादी का है, जहां बंदूकें लेकर खुलेआम फायरिंग की गई।वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश की जा रही हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह वीडियो बदनापुरा में हुई एक शादी का है। यहां अजब सिंह धनावत के बेटों रंजीत और वरुण धनावत की शादी थी।

शादी समारोह में जश्न के दौरान कई लोगों ने लाइसेंसी और अवैध हथियारों से अंधाधुंध हर्ष फायरिंग की। वीडियो में कुछ युवक और एक महिला खुलेआम बंदूकें चलाते नजर आ रहे हैं। सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें करीब आधा दर्जन युवक और एक महिला शादी के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिख रहे थे। वीडियो के आधार पर जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह वीडियो पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बदनापुरा इलाके का है।

इसके बाद आसपास की शादियों की जानकारी जुटाई गई तो सामने आया कि अजब सिंह धनावत के दोनों बेटों की शादी में यह फायरिंग हुई थी। मामले की पुष्टि होने के बाद वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की गई।पुरानी छावनी थाना पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के बाद महिला समेत छह लोगों के खिलाफ हर्ष फायरिंग और अवैध हथियारों के उपयोग का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में धौलपुर निवासी शोहेल धनावत पुत्र बाबू धनावत और कुलदीप धनावत, बदनापुरा निवासी हेमंत उर्फ बिनू धनावत पुत्र रूपसिंह धनावत, मोनू उर्फ खरीबेदर धनावत पुत्र रूपसिंह धनावत, कालू धनावत पुत्र अजब सिंह धनावत और शीसम बाई पत्नी रूपसिंह शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रेड लाइट एरिया के रूप में बदनाम रहा है बदनापुरा
ग्वालियर का बदनापुरा इलाका लंबे समय तक रेड लाइट एरिया के रूप में बदनाम रहा है। यहां कई बार लड़कियों की खरीद-फरोख्त और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। बदनापुरा में पुलिस को दबिश देने से पहले विशेष योजना बनानी पड़ती है, क्योंकि कई बार पुलिस पर हमले भी हो चुके हैं। पुलिस अब वीडियो में दिखे आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुटी है।

Next Post

जीवाजी क्लब में हुई वूमेंस क्रिकेट लीग

Mon May 26 , 2025
ग्वालियर: जीवाजी क्लब वूमेंस क्रिकेट लीग का शुभारंभ आज जीवाजी क्लब के टर्फ पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, श्रीमती खुशबू गुप्ता ने किया। जीवाजी क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र सेठ ने स्वागत भाषण दिया और सचिव संजय वर्मा ने क्लब की खेल गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कलेक्टर […]

You May Like