शिवराज ने सीहोर जिले से विकसित भारत संकल्प यात्रा का किया शुभारंभ

सीहोर, 25 मई (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मध्यप्रदेश के सीहोर जिले से विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने इस दौरान लाड़कुई में प्रधानमंत्री आवास योजना, वन विभाग की योजनाओं और आदिम जाति कल्याण की योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया।

श्री चौहान ने इसके साथ ही भादाकुई और छींदगांव में जैविक खेती, वाणिज्यिक खेती, उद्यानिकी व स्वरोजगार पर चर्चा की और लाड़ली बहना एवं लखपति दीदीयों से भी संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक ताकतवर भारत और विकसित भारत हमारा लक्ष्य है। विकसित भारत का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प उनके लिए मंत्र बन गया है, लेकिन भारत विकसित कब बनेगा? भारत विकसित तब बनेगा, जब हमारा हरेक गांव विकसित बनेगा, मतलब ऐसा भारत जहां सड़क, बिजली, पानी का जाल बिछा हो, खेती उन्नत हो, हरेक परिवार रोजगार से जुड़ा हो, कोई भी इस धरती पर भूखा ना सोए, इलाज की बेहतर सुविधाएं हो। अपना हर क्षेत्र विकसित हो।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि विकसित का मतलब केवल पुल, पुलिया, स्कूल, अस्पताल नहीं है, इसके आगे भी विकास का ये सिलसिला जारी रहे। विकसित भारत मतलब जहां मानवीय गरिमा का सम्मान होता हो, जहां गरीब भी किसी ना किसी साधन से जुड़ा हो, यहां की बहनों कि आमदनी ऐसी हो कि वह शौर्य और स्वाभिमान के साथ अपनी जिंदगी बिता सकें। विकसित भारत केवल प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक नहीं बना सकते हैं, इसके लिए हम सबको प्रयत्न करना पड़ेगा।

श्री चौहान ने कहा कि विकसित भारत के लिए गांव-शहर का हर इंसान गंभीर हो। वह सोचे कि वे अपना गांव विकसित करने के लिए क्या योदगान दे सकते हैं, हमारा गांव स्वच्छ होना चाहिए, यहां पानी का संरक्षण होना चाहिए, यहां के स्कूल अच्छे हो, यहां की आंगनबाड़ी अच्छी हो, यहां महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप बने हो, जो बहनों की आमदनी बढ़ाएं और रोजगार के साधन उत्पन्न कर रहे हो। बच्चों में टैलेंट और क्षमताएं बढ़ें, वो लगातार आगे बढ़ते रहे।

उन्होंने कहा कि वे आज एक अलग उद्देश्य से इस पदयात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्पादन बढ़ाने के लिए अच्छे बीज बनाने वाली संस्था भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक भी उनके साथ इस पदयात्रा में आए हैं। ये वैज्ञानिक खेतों में जाकर किसानों से बात करेंगे, उन्हें अनुसंधान के बारे में जानकारी देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा इस पदयात्रा में हम जनजातीय बहनों-भाइयों से भी चर्चा करेंगे। बहनों के सेल्फ हेल्प ग्रुप से भी चर्चा करेंगे, नौजवानों से भी केन्द्र सरकार की तमाम योजनाओं के बारे में बात करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से भी हम चर्चा करेंगे। सभी से चर्चा करके सार निकालेंगे कि आगे और क्या किया जा सकता है। जनता, नेता और प्रशासन सभी एक साथ बैठकर गंभीर चर्चा करेंगे।

उन्होंने कहा कि मन में तड़प है कि अपनी जनता के लिए सबसे अच्छा और बेहतर करें। हम सभी मिलकर आगे बढ़ेंगे और परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण प्रधानमंत्री श्री मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए अब 29 मई से विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरूआत की जा रही है। इस अभियान के तहत वैज्ञानिकों की 2170 टीमें बनाई जा रही है, एक टीम में 3 से 4 वैज्ञानिक होंगे जो गांव-गांव जाएंगे और उस गांव की और आसपास के क्षेत्र की जो एग्रोक्लाइमेट कंडिशंस हैं, वहां की मिट्टी में जो अलग-अलग पोषक तत्व हैं, वहां जलवायु परिवर्तन के असर, अलग-अलग फसलों में कीटों का प्रकोप है, इन सभी विषयों को समझकर, वैज्ञानिक, किसानों को सलाह देंगे और किसान भी अपने सवाल पूछेंगे, अपनी समस्याएं बताएंगे, ये संवाद एकतरफा नहीं बल्कि दोतरफा होगा।

श्री चौहान ने कहा कि वैज्ञानिक किसानों को आधुनिक रिसर्च के बारे में बताएंगे कि इन परिस्थितियों में इस क्षेत्र में कौन सी फसल उपयुक्त है, कौन सी वैरायटी उपयुक्त है, कौन सा बीज लगाएं, कौन सा खाद कितनी मात्रा में डालें, अगर कहीं वायरस अटैक हो तो उससे फसलों को कैसे बचाएं, इसके साथ-साथ किसानों से भी कई चीजें निकलकर आएगी, किसानों की जरूरत के हिसाब से रिसर्च हो रहा है या नहीं तो किसानों से सुनकर रिसर्च की दिशा भी तय करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा है कि लैब टू लैंड, यानी अनुसंधान खेतों तक पहुंचें, इसलिए ये विकसित भारत के लिए विकसित कृषि संकल्प अभियान बना है।

 

Next Post

मोदी से यादव ने की भेंट

Sun May 25 , 2025
नई दिल्ली/भोपाल, 25 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने नई दिल्ली में सौजन्य भेंट एवं चर्चा की। इसके पहले कल नीति आयोग की गवर्निंग बॉडी की बैठक में प्रधानमंत्री श्री मोदी की मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ यादव सहित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों […]

You May Like