ग्वालियर: ग्वालियर बायपास पर शिवपुरी के भाजपा विधायक देवेंद्र जैन की कार से एक कॉलेज छात्र की कार टकरा गई। टक्कर के बाद छात्रों की कार डिवाइडर से जा भिड़ी। इस दौरान विधायक के सुरक्षाकर्मी ने छात्रों से सख्ती दिखाई, जिससे नाराज होकर छात्रों ने पीएसओ से मारपीट कर दी।झगड़ा बढ़ने पर विधायक ने पुलिस को बुला लिया।
पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को उनकी कार सहित झांसी रोड थाने ले आई। छात्रों की कार भी जब्त कर ली गई। रातभर छात्र थाने में बैठे रहे, लेकिन किसी पर मामला दर्ज नहीं हुआ। वहीं, विधायक बिना कोई शिकायत किए चले गए। सीएसपी हिना खान ने बताया कि छात्रों की गाड़ी का टायर फट गया था और वह डिवाइडर से टकरा गई थी।
