
सिंगरौली: जयंत चौकी क्षेत्र अंतर्गत रोज गार्डेन पास वर्ष 2024 में फायरिंग कर हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसपी मनीष खत्री के निर्देश में जयंत पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को कर्नाटक के बैंगलोर से गिरफ्तार किया है। जन्मदिन पार्टी में घुसकर की थी फायरिंग, कई धाराओं में दर्ज है अपराध।
पुलिस के अनुसार फरियादी प्रवीण कुमार पिता स्व. रोशन उम्र 28 वर्ष निवासी एमक्यू-957 सेक्टर-3 जयंत ने 21 अगस्त 2024 को चौकी जयंत थाना विन्ध्यनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने क्वार्टर में जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर मुकेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, संजीव त्रिपाठी सहित 7-8 अन्य साथी उसके घर पहुंचे और प्राणघातक हमला करते हुए फायरिंग की। हमलावरों ने फरियादी के दोस्तों संदीप, सोनू एवं नवीन के साथ मारपीट की और कमरे के अंदर घुसकर गोलियां चलाईं।
इस मामले में धारा 191(2),191(3), 190, 333, 296, 115(2), 351(2), 324(4), 324(5),125, 109 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पूर्व में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विंध्यनगर निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, चौकी प्रभारी जयंत उनि सुधाकर सिंह परिहार, साइबर सेल के उनि पवन सिंह व उनकी टीम सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
साइबर सेल की मदद से मिली लोकेशन
घटना के बाद से मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह पिता कौशल किशोर सिंह निवासी जैतपुर जयंत थाना विंध्यनगर फरार चल रहा था, जिस पर एसपी द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी लगातार पहचान छिपाकर अन्य व्यक्ति के नाम से सिम कार्ड का उपयोग कर रहा था। साइबर सेल की मदद से बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की तस्दीक के बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। जयंत पुलिस टीम ने बीते 10 जनवरी को थाना क्षेत्र कुनिगल, जिला तुमकूरु (कर्नाटक) से आरोपी को गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड लेकर 12 जनवरी को न्यायालय बैढ़न में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। आवश्यक पूछतांछ के बाद आज दिन मंगलवार को आरोपी को पुन: न्यायालय में पेश किया गया।
