सुशासन तिहार शिविर में हादसा, पीपल का पेड़ गिरने से सात घायल

गरियाबंद, 27 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के खरहरी गांव में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर पड़ा। घटना में दो बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिविर के दौरान कार्यक्रम देखने के लिए कुछ लोग पेड़ पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान पेड़ अचानक धराशायी हो गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पेड़ पर बैठे तथा आसपास खड़े सात लोग इसकी चपेट में आ गए। घायलों को हाथ-पैर में चोटें आई हैं और कुछ लोगों के फ्रैक्चर होने की भी सूचना है।

घटना के समय जिला कलेक्टर सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सुशासन तिहार शिविर को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक अमले और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हरीश चौहान ने बताया कि कुछ घायलों के हाथ और पैर में मामूली फ्रैक्चर आया है तथा सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हादसे में पेड़ की चपेट में आकर वहां खड़ा एक छोटा हाथी वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Next Post

सिनर और सबालेंका आगे बढ़े, मेदवेदेव और पेगुला बाहर

Wed May 27 , 2026
पेरिस, 27 मई (वार्ता) पुरुषों और महिलाओं के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जानिक सिनर और आर्यना सबालेंका 2026 फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में आसानी से पहुंच गए, जबकि दानिल मेदवेदेव और जेसिका पेगुला को पहले ही दौर में चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा। सिनर ने फ्रेंच वाइल्डकार्ड […]

You May Like