
इंदौर: जिले में शासकीय और सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत गुरुवार को प्रशासन ने खुड़ैल तहसील के ग्राम गारीपिपलिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए देव धर्मराज मंदिर की करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया. साथ ही मंदिर तक पहुंचने के लिए बंद पड़ा लगभग 700 मीटर लंबा मार्ग भी बहाल कराया गया.
राजस्व अमले की कार्रवाई में मंदिर की भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया. यह भूमि सर्वे नंबर 271 में स्थित है, जिसका रकबा 0.295 हेक्टेयर बताया गया है. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण था, जिसे हटाने के बाद मंदिर परिसर को मूल स्वरूप में वापस लिया गया. कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं.
इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. प्रशासन ने मंदिर तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सर्वे नंबर 273 की शासकीय भूमि से गुजरने वाले लगभग 700 मीटर लंबे मार्ग को भी खुलवाया. इससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा होगी. इस दौरान तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित राजस्व विभाग का अमला मौजूद रहा. प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी
