ग्वालियर: करैरा में वकील की हत्या के विरोध में पूरे मध्यप्रदेश के वकील आज सोमवार को काम से विरत, यानी हड़ताल पर हैं। वे कोर्ट तो पहुंचे हैं लेकिन काम नहीं कर रहे हैं। शिवपुरी में कोर्ट जाते समय दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में आक्रोश है। वकीलों की हड़ताल से ग्वालियर में हाईकोर्ट के एक हजार और सेशन कोर्ट के लगभग दो हजार केस प्रभावित हो सकते हैं।
शिवपुरी जिले के करैरा में दो दिन पहले सुबह कोर्ट के लिए निकले एडवोकेट संजय सक्सेना की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड से पूरे मध्यप्रदेश में सनसनी फैल गई थी। कोर्ट जाते समय वकील की हत्या से मध्यप्रदेश के सभी कोर्ट के वकील आक्रोशित हैं।
इस पर तत्काल स्टेट बार एसोसिएशन, बार एसोसिएशन और कोर्ट से जुड़े अन्य कर्मचारी संगठनों ने बैठक कर इस घटना का कड़ा विरोध जताने का निर्णय लिया। इसी क्रम में आज सोमवार को प्रदेश के सभी कोर्ट में वकील काम नहीं कर रहे हैं। वकीलों ने अपनी हड़ताल को “कार्य से विरत” नाम दिया है। वकील कोर्ट परिसर पहुंचे हैं लेकिन काम नहीं कर रहे हैं। वकील दोपहर में कोर्ट परिसर के बाहर सांकेतिक प्रदर्शन भी कर सकते हैं।
