
उज्जैन। महाकाल मंदिर सुरक्षा गार्ड की शुक्रवार सुबह भैरवगढ़ क्षेत्र से लाश मिलना सामने आया है। सुरक्षा गार्ड गुरुवार सुबह से ही लापता था। परिजन उसकी तलाश में लगे थे। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि चकरावदा टोल के आगे सडक़ किनारे से कुछ दूरी पर एक युवक की लाश पड़ी होने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। मामला संदिग्ध होने पर जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। मृतक के शरीर पर हल्की रगड़ के निशान थे। पहचान के प्रयास करने पर सामने आया कि पाण्ड्याखेड़ी का रहने वाला मुकेश पिता प्रेम नारायण त्रिवेदी 28 वर्ष है। जानकारी लगते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि महाकाल मंदिर में सुरक्षा गार्ड था और साइकिल से आना जाना करता था। गुरुवार सुबह 6 बजे उसकी ड्यूटी खत्म हुई थी घर नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई मंदिर से निकलते हुए उसके फुटेज भी सामने आए थे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और टोल नाके के फुटेज भी देखें जिसमें मुकेश साइकिल से जाता हुआ दिखाई दिया लेकिन घटना स्थल से उसकी साइकिल नहीं मिली।
