भिंड, 23 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड जिले के लहार में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव स्वसहायता समूहों के सम्मेलन में शामिल होने आज पहुंचे। यहां उन्होंने आलमपुर के सरकारी महाविद्यालय का नाम देवी अहिल्याबाई के नाम पर करने की घोषणा की। लहार में 100 बीघा जमीन पर उद्योग लगाने का भी ऐलान उन्होंने किया।
डॉ यादव ने मछंड, असवार क्षेत्र का उन्नयन करते हुए नगर पंचायत बनाए जाने की भी बात कहीं। मुख्यमंत्री यहां 117 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे थे। इन विकास कार्यों में सड़क, बिजली, जलप्रदाय, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर आतंकियों को घर में घुसकर मारने की बात कही। डॉ यादव ने मिहोना के शासकीय गांधी महाविद्यायल के लिए नए भवन, आलमपुर कस्बे के शासकीय महाविद्यालय के लिए राशि स्वीकृत की। साथ ही उन्होंने कहा कि आलमपुर क्षेत्र का इतिहास होल्कर साम्राज्य के संस्थापक मल्हावराव होल्कर से जुड़ा है। उनकी छत्री आलमपुर में है। आलमपुर कस्बा होल्कर राजवंश के अधीन था। इस इतिहास को जोड़ते हुए उन्होंने आलमपुर महाविद्यायल का नाम देवी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किए जाने की घोषणा की।
डॉ यादव ने अपने भाषण में चंबल भूमि के वीर जवानों के शौर्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लहार क्षेत्र का युवा देश की रक्षा के लिए कंपटीशन करता है। जहां चंबल की माटी का जांबाज जवान खड़ा हो, उस क्षेत्र में दुश्मन देश आंख उठाकर भी नहीं देख सकता है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में आतंकियों ने हमारे बहन के मांग का सिंदूर उजाड़ा था। ऐसे नापाक इरादों वाले पाकिस्तान की धरा पर ही इन आतंकवादियों को देश की सेना ने सबक सिखाया। उन्होंने कहा कि यही हमारे जवानों का साहस है। इस साहस को हम प्रणाम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों, महिलाओं के सम्मान की बात भी कही। मंच से बिना नाम लिए कांग्रेस पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि जब यहां कांग्रेस की सरकार थी, तो डकैत होते थे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा की सरकार आई तो डकैतों का खात्मा कर दिया गया। चंबल में अब कोई डकैत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने स्वार्थ के लिए डकैत पैदा करती थी। इसका वे चुनाव में फायदा लेते थे।
भिण्ड जिले के लहार विधायक अम्बरीश शर्मा ने कहा लहार क्षेत्र में 33 साल कांग्रेस का आतंक रहा है। उन्होंने आठ से दस लोगों के नाम गिनाते हुए कहा कि इन लोगों के साथ किस तरह का बरताव हुआ था। सब को पता है। उन्होंने कहा कि मुझ पर भी कांग्रेस शासन काल में झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ यादव से आग्रह किया है कि ये क्षेत्र जितना कांग्रेस के कारण पिछड़ा है उसके अग्रणी बनाने के लिए गोद ले लीजिए।
कार्यक्रम में सांसद संध्या राय ने कहा कि इस क्षेत्र ने ही मुझे संसद तक भेजने का रास्ता तय किया है। उन्होंने कहा कि वे सांसद निधि से होने वाले विकास कार्यों की सबसे ज्यादा राशि लहार विधानसभा क्षेत्र को देंगी। इस मौके पर नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के विकास के पहिए डॉ यादव के नेतृत्व में दौड़ रहे हैं। वे चाहते हैं कि मुख्यमंत्री के तौर पर डॉ यादव और लहार क्षेत्र के विधायक के तौर पर अम्बरीश शर्मा हमेशा इसी तरह से जनसेवा करते रहें। इस मौके पर मंच पर कई गणमान्य जन मौजूद रहे।

