देवी अहिल्याबाई की जयंती के कार्यक्रम की तैयारी में कार्यकर्ता उत्साह से जुट जाए: शर्मा

भोपाल, 23 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि देवी अहिल्याबाई की जयंती का कार्यक्रम बहनों का कार्यक्रम है और हमें इस कार्यक्रम की तैयारियों में पूरे उत्साह के साथ जुटना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर यहां के जम्बूरी मैदान में होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर श्री शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह एवं संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की बैठक को संबोधित किया। श्री शर्मा ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना है कि कार्यक्रम में प्रत्येक बूथ की बहनों की भागीदारी हो, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका तय करें और क्रमबद्ध तरीके से योजना बनाकर काम करे। हमें कार्यक्रम में आने वाली मेहमान बहनों तथा अतिथियों के स्वागत की तैयारी पूरे उत्साह के साथ करना है। इसके अलावा आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को भी देखना है। आयोजन की तैयारियां इस भावना के साथ की जाएं कि समूचे कार्यक्रम में हर तरफ उत्साह का प्रकटीकरण हो।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी देवी अहिल्याबाई की जयंती पर 31 मई को जम्बूरी मैदान में होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। देवी अहिल्याबाई ने 300 साल पहले जिस तरह महिला सशक्तीकरण की अलख जगाई थी, उसी तरह प्रधानमंत्री श्री मोदी भी महिला सशक्तीकरण का संकल्प लेकर काम कर रहे हैं। जी-20 की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह ‘वूमन लेड डेवलपमेंट’ का समय है। हम सभी ने देखा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किस तरह से दो महिला सैन्य अधिकारियों कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका सिंह को आगे लाकर जिम्मेदारी दी गयी। 103 रेलवे पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री की यही भावना दिखायी दी।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ सिंह ने कहा कि 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पूरे देश में मनाई जा रही है। जम्बूरी मैदान में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में भाग लेने प्रधानमंत्री श्री मोदी आ रहे हैं। देवी अहिल्याबाई ने 300 साल पहले जिन मुश्किलों के बीच शासन व्यवस्था संभाला और अपनी सक्षमता साबित की, 21 वीं सदी की हमारी बहनें भी उतनी ही सक्षम हैं, यह संदेश हमें इस कार्यक्रम के माध्यम से देना है। महासम्मेलन महिलाओं का है, इसलिए हमें आयोजन की जिम्मेदारी भी बहनों के हाथों में सौंपना है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए 2000 बहनों का चयन करें और उनकी एक बैठक आयोजित कर उन्हें प्रशिक्षित करें। हमारा प्रयास हो कि कार्यक्रम में सुरक्षा से लेकर इसके प्रचार तक की व्यवस्थाएं महिलाएं संभालें और उनकी पोशाक भी एक जैसी हो। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी भोपाल आ रहे हैं, इसलिए हमें उनके स्वागत की भी उत्साहपूर्वक तैयारियां करना है। इस तरह के संदेश वाले होर्डिंग्स लगाए जाएं और सोशल मीडिया पर भी ऐसी पोस्ट शेयर की जाएं, जिनमें देवी अहिल्याबाई और प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा महिला सशक्तीकरण के लिए किए गए कामों का उल्लेख हो।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने इंदौर-महेश्वर से 300 साल पूर्व हर समाज के उत्थान के साथ-साथ स्वावलंबन, सुशासन और महिला सशक्तिकरण को लेकर मिसाल पेश की थी। हमें गर्व है कि देवी अहिल्याबाई होल्कर की कर्मभूमि मध्यप्रदेश रही। देश भर में सड़कों, मंदिरों का निर्माण व मंदिरों का जीर्णोद्धार सहित घाटों-कुओं बावड़ियों को बनाने का कार्य किया गया। देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उनके सम्मान में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश भर में 21 से 31 मई तक अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर जयंती मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के समापन समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जम्बूरी मैदान में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में दो लाख बहनों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भी देवी अहिल्याबाई होल्कर की बातों को आगे बढ़ाकर देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की ‘मन की बात कार्यक्रम’ में भोपाल जिला भी प्रदेश के टॉप छह जिलों में शामिल है। इस बात की प्रसन्नता है कि ‘मन की बात कार्यक्रम’ में सहभागिता करीब सौ प्रतिशत के आस-पास रह रही है। सभी इसके लिए बधाई के पात्र हैं, लेकिन लोगों से हमेशा जुड़ाव रहे इसके लिए हमें हमेशा निरंतर प्रयास कर नवचारों को अपनाते रहना होगा।
इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, श्रीमती कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, पार्टी के प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, महापौर मालती राय, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, जिला प्रभारी महेन्द्र यादव एवं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति मंचासीन रहे।

Next Post

काला रंग को अपना कवच मानती हैं सुष्मिता सेन

Fri May 23 , 2025
मुंबई, 23 मई (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन काला रंग को अपना कवच मानती है। सुष्मिता सेन ने अपने इंस्टाग्राम पर कई फोटोज शेयर की हैं, जिसमें उन्होंने स्टाइलिश काले रंग की साड़ी पहनी हुई है। इन तस्वीरों में सुष्मिता हमेशा की तरह आत्मविश्वास से लबरेज […]

You May Like