भोपाल, 23 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर आरोप लगाते हुए आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार का ‘घोषणाओं का शासन’ और ‘भ्रष्टाचार का प्रशासन’ राज्य की जनता के साथ धोखा साबित हो रहा है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश के युवा आज हताश हैं, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, कर्मचारी आंदोलनों पर हैं और गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा। दूसरी ओर, सरकार के विज्ञापन और घोषणाएं करोड़ों में चल रही हैं। यही भाजपा सरकार का धोखा, दिखावा और दमन का मॉडल है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में एक समाचार पत्र द्वारा प्रकाशित समाचार रिपोर्ट ने राज्य सरकार के झूठे रोजगार दावों की पोल खोल दी है। सरकार का दावा है कि पिछले चार वर्षों में 3.23 लाख युवाओं को नौकरी दी गई, लेकिन हकीकत यह है कि इनमें से 42 प्रतिशत युवा आज भी बेरोज़गार हैं।
श्री नायक ने कहा कि सबसे शर्मनाक बात ये है कि सरकार के पास ये तक डेटा नहीं है कि कितनों ने नौकरी जॉइन की, और कितनों ने छोड़ दी। क्या यही डिजिटल और पारदर्शी शासन का दावा है।
श्री नायक ने रोजगार के आंकड़ों की स्वतंत्र ऑडिट रिपोर्ट जारी करने की मांग की।

