हरदोई (उत्तर प्रदेश), 29 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए वर्तमान में हो रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाएगी।
श्री मोदी ने यह बात मेरठ और प्रयागराज के बीच विकसित ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश के पांच राज्यों में हो रहे इन चुनावों के चार मई को आने वाले नतीजे ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करेंगे और देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले जब बिहार में चुनाव हुए थे, तब भाजपा एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने प्रचंड जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। उन्होंने उल्लेख किया कि कल ही गुजरात में महानगरपालिका, नगरपालिका, जिला पंचायत, नगर पंचायत और तहसील पंचायत के चुनाव परिणाम आए हैं, जिनमें 80 से 85 प्रतिशत निकायों और पंचायतों में भाजपा ने जीत हासिल की है। इसी संदर्भ में उन्होंने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक की बात दोहराई।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान का उल्लेख करते हुए कहा, “आज लोकतंत्र के उत्सव का एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उनसे पता चलता है कि वहां भारी मतदान हो रहा है।” उन्होंने कहा कि पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भी जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है; मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले छह दशकों में जो नहीं हुआ और जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में इस बार बंगाल में मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं, जो देश के संविधान और मजबूत होते लोकतंत्र का प्रतीक है। गंगा एक्सप्रेसवे के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस राजमार्ग का नाम ‘मां गंगा’ के नाम पर रखा है। इसमें विकास का विजन भी झलकता है और हमारी विरासत के दर्शन भी होते हैं। उन्होंने इस राजमार्ग के शुरू होने पर प्रदेश की जनता को बधाई दी।
