आईटीसी का चौथी तिमाही में मुनाफा साढ़े तीन गुना से अधिक बढ़ा

आईटीसी का चौथी तिमाही में मुनाफा साढ़े तीन गुना से अधिक बढ़ा

मुंबई, 23 मई (वार्ता) एफएमसीजी समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली प्रमुख कंपनी आईटीसी लिमिटेड का 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में सकल शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 5013.18 करोड़ रुपये के मुकाबले साढ़े तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी लेकर 19807.88 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में उसे 19807.88 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 की इसी तिमाही के 5013.18 करोड़ रुपये से 295.1 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में उसकी कुल आय 20945.82 करोड़ रुपये से 0.33 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 21016.62 करोड़ रुपये हो गई। हालांकि इस दौरान उसके कुल व्यय में 0.93 प्रतिशत की कमी हुई और यह 14413.86 करोड़ रुपये से घटकर 14278.91 करोड़ रुपये पर आ गया।

आईटीसी ने बताया कि 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष 2024-25 में उसे 35052.48 करोड़ रुपये का सकल शुद्ध मुनाफा हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 के 20751.36 करोड़ रुपये के मुकाबले 68.9 प्रतिशत अधिक है। आलोच्य अवधि में उसकी कुल आय 76584.65 करोड़ रुपये से 9.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 84142.47 करोड़ रुपये हो गई। इसी तरह उसका कुल व्यय भी 50198.80 करोड़ रुपये से 14.2 प्रतिशत बढ़कर 57325.95 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए शेयरधारकों को एक रुपये अंकित मूल्य के साधारण शेयर पर 7.85 रुपये अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है। यह लाभांश पिछले वर्ष घोषित 7.50 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की तुलना में अधिक है। इससे पहले कंपनी ने 07 मार्च, 2025 को 6.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश भी घोषित किया था, जिससे कुल वार्षिक लाभांश 14.35 रुपये प्रति शेयर हो गया है। यह पिछले वर्ष के कुल 13.75 रुपये प्रति शेयर लाभांश से अधिक है।

Next Post

रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने गुजरात टाइटंस को 33 रनों से हराया

Fri May 23 , 2025
अहमदाबाद 22 मई (वार्ता) मिचेल मार्श (117) और निकोलस पूरन (नाबाद 56) की आतिशी पारियों के बाद विलियम ओरूर्क (तीन विकेट), आवेश खान और आयुष बडोनी (दो-दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ सुपर जांयट्स ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 65वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को […]

You May Like