इंदौर: खातीवाला टैंक स्थित मीनाक्षी अपार्टमेंट में तीन दिन पहले किराए पर लिए गए फ्लैट में आईपीएल क्रिकेट सट्टा चल रहा था. जिसे आईएएस व आईपीएस की तैयारी कर रहे छात्र चला रहे थे. जूनी इंदौर पुलिस ने छापा मारकर मौके से छह युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अधिकतर छात्र हैं और खुद को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता बता रहे हैं.
गिरफ्तार युवकों में चंद्रप्रकाश पिता प्रवीणसिंह चौहान, रविराज पिता तेजपालसिंह चौहान दोनों खारवा के रहने वाले है, वहीं लोकेंद्र पिता सुरेश यादव, अजय पिता दिनेश यादव यह दोनों डुडगांव में रहते है, शक्तिराज पिता रामपाल तोमर ग्राम गुराड़िया, और प्रेमसागर पिता मुरली राजस्थान निवासी शामिल हैं. पुलिस ने फ्लैट से 17 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप और लाखों रुपए के सट्टा हिसाब की डायरी बरामद की है. पुलिस को शक है कि यह गिरोह लंबे समय से ऑनलाइन सट्टे की गतिविधियों में शामिल है.
प्रतियोगी परीक्षा के लिए आए थे इंदौर
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बहाने इंदौर में रह रहे थे, लेकिन फ्लैट से सट्टा संचालन कर रहे थे. पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.
