अघोरी की वेशभूषा में आए युवक ने गल्ले से जबरन निकाले पैसे 

 

शहडोल। अघोरी की वेशभूषा में आए युवक ने दुकानदार के गल्ले में हाथ डालकर सारे पैसे जबरन निकाल लिए । जब दुकानदार ने इसका विरोध किया तो उक्त तथा कथित अघोरी, श्राप देकर भस्म कर कर दिए जाने की धमकी देकर रुपए लेकर भागने लगा । यह घटना जिले के बुढार थाना क्षेत्र अंतर्गत रिलायंस ट्रेंड के सामने स्थित एक आँन लाइन कम्प्यूटर सेंटर में गुरुवार शाम को घटित हुई। आसपास के दुकानदारों को जैसे ही इस बात की जानकारी लगी तो वह भी वहाँ पहुँच गये । जिसके बाद पुलिस को इस घटना की सूचना दी गयी । कुछ ही देर में पुलिस वहाँ पहुँच गयी और उस तथा कथित अघोरी बाबा को थाने ले गयी।

जानकारी के अनुसार बुढार थाना क्षेत्र अंतर्गत रिलायंस ट्रेंड्स के सामने स्थित नमो ऑन लाइन कंप्यूटर सेंटर में शाम करीब 4 बजे अघोरी की वेश भूषा में काला वस्त्र पहने एक हट्टा- कट्टा युवक पहुँचा। उसे देख दुकानदार मोहन गुप्ता ने गल्ले से 10 रुपए निकाला और उस तथाकथित बाबा को देने लगा। तभी उस अघोरी ने जबरन अपने हाथ से गल्ला खोला और उसमे रखे सारे रुपए निकालकर भागने लगा । जिस पर दूकान संचालक ने इसका विरोध करते हुए रुपए वापस करने की बात कही । लेकिन उक्त अघोरी बाबा ने पैसे देने से मना कर दिया ।

इतना ही नहीं उसने दुकानदार को धमकाते हुए कहा कि अगर बाबा से रुपए मांगेगा तो वह तुझे अभी यहीं श्राप देकर भस्म कर देगा। जिससे दुकानदार काफी घबरा गया। इस बीच इस हॉट- टाक को सुनकर आसपास के दुकानदार वहाँ पहुँच गये। उन्होंने उस अघोरी की वेश भूषा में आए उस लुटेरे को वहीँ घेर लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी गयी।

उक्त तथा कथित बाबा से जब उसके बारे में लोगों से पूछताछ की तो वह अपना नाम व पता नहीं बता रहा था। उससे आधार कार्ड दिखाने के लिए दुकानदारों ने कहा तो फिर वह धमकियां देने लगा। पता चला है कि नेहरु डिग्री कालेज क्षेत्र में उक्त तथाकथित अघोरी बाबा द्वारा कुछ अन्य दुकानो में भी ऐसी ही हरकत की गयी है।

दुकान में करने पर करने लगा अश्लील हरकत

उस तथा कथित बाबा ने काले रंग का कुर्ता तथा नीचे काले रंग की बिना सिलाई वाली लुंगी पहन रखी थी । वह जैसे ही दूकान में पहुँचा तो दुकानदार के सामने अपनी लुंगी खोल दी और अश्लीलता करने लगा। उसने एक बार नहीं बल्कि कई बार इसी तरह की अश्लील हरकत की। जिसका दूकान संचालक द्वारा विरोध किया गया। इस सम्बन्ध में जब थाना प्रभारी संजय जयसवाल से बात की गयी तो उनका कहना था कि मुझे इस मामले की कोई जानकारी नहीं है ।

Next Post

नवरंग का नृत्य शिविर संपन्न

Thu May 22 , 2025
  जबलपुर ।नवरंग कथक कला केंद्र के तत्वावधान में नृत्य निर्देशक मोती शिवहरे के संयोजन में शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय शैली के नृत्यों के15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन गायत्री विद्या मंदिर स्कूल साकेत नगर में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि साहित्यकार राजेश पाठक प्रवीण थे।अध्यक्षता वरिष्ठ […]

You May Like