जबलपुर: मझौली अंतर्गत मां रेवा वेयरहाउस परिसर में गेहूं में मिट्टी मिलाने के मामले में आरोपी नितेश पटेल पिता रेवाराम पटेल संचालक मां रेवा वेयरहाउस धनाड़ी, श्रीमती शीला बाई कुशवाहा पति पुरषोत्तम कुशवाहा खरीदी केन्द्र प्रभारी एवं अध्यक्ष सबला संकुल स्तरीय संगठन कांकरदेही पर एफ आई आर दर्ज कर ली गई हैं।
विदित हो की जांच में मां रेवा वेयरहाउस धनाड़ी के परिसर में 1000 शासकीय बारदानें रखे पाए गए एवं प्लास्टिक बारदानों में गेहूं की 270 बोरी रखी पाई गई, जबकि गेहूं का एक ढेर जिसकी मात्रा लगभग 100 क्विटल थी, भण्डारित पाया गया। उक्त स्थान पर ही 675 सरकारी खाली बारदाने पाए गए और वेयर हाउस के पीछे मिलावटी तत्व मिट्टी कंकड़ पत्थर आदि से भरी सिली 250 प्लास्टिक की बोरियां पाई गई।
वेयरहाउस के समीप ही 185 सरकारी बारदानों में भरी सिली मिलावटी गेहूं रखा पाया गया। उक्त बोरियों को खोलकर देखने में पाया गया कि सभी बोरियों में गेहूं के साथ 70% से 75% मिट्टी कंकड़ एवं पत्थर मिला हुआ पाया। मिलावट स्थल पर 3 इलेक्ट्रानिक तौल कांटे, सिलाई के लाल धागे के 02 बंडल, 65 सरकारी खाली बारदाने पाए गए। उक्त स्थान पर ही 1 स्वराज माजदा मप्र 20 जी ए 6240 में लोड मिट्टी, कंकड़ पत्थर से भरी 230 प्लास्टिक की बोरियां रखी पाई गई थी।
