इंदौर: पुण्यश्लोका अहिल्या देवी की 300 वी जयंती के अवसर पर भाजपा जिला इंदौर महिला मोर्चा द्वारा राऊ स्थित श्रमिक कॉलोनी, कम्यूनिटी हाल में मातृशक्ति सम्मेलन सम्पन्न हुआ. इस अवसर पर अहिल्या माता के व्यक्तित्त्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी अतिथियों ने किया.सम्मेलन के विषय सशक्त नारी – बेहतर सुशासन संबोधित करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती महाजन ने कहा कि अहिल्या माता के चरित्र को पढ़कर जीवन में ढ़ालकर अपने परिवार, समाज शहर और राष्ट्र के कल्याण का चिंतन ही आपको उनके आदर्शों से जोड़ने का काम करेगा.
कि अहिल्या देवी ने अनेकों कष्ट झेले, दुख देखे लेकिन महिला होने के बावजूद वे कभी कमजोर नहीं हुई. उन्होंने जो शासन चलाया, आज 300 सालों बाद भी उस पर चर्चा होती है. वह शास्त्रों का भी अध्ययन करती थी, तो शस्त्र कला में भी माहिर थी. उन्होंने उस जगह मंदिर बनाए, जो मंदिर मुगलों ने ध्वस्त किए थे, मंदिर क्यों ध्वस्त किए क्योंकि वह समझ गए थे कि मंदिर हमारी शक्ति के केंद्र है.
नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ें
सांसद शंकर लालवानी ने कहा अहिल्या माता के पदचिन्हों पर चलते हुए महिलाएं देश, प्रदेश, शहर और समाज के विकास में योगदान दें. विधायक उषा ठाकुर ने कहा माँ अहिल्या का जीवन विकास, धर्म की स्थापना और न्याय के लिए समर्पित रहा. महिलाएं उनके आदर्शों पर चलकर अपने आसपास के मंदिरों में जन जागरण का कार्य कर आने वाली पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का कार्य करें. इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, राऊ नगर परिषद अध्यक्ष पप्पी विजय पाटीदार, अनुराधा जोशी, मुकेश जरिया, वरुण पाल, मनोज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं.
