ग्वालियर: समूचे ग्वालियर चंबल अंचल में आज आधी रात के करीब अचानक मौसम बदला। धूल भरी तेज आंधी चलने के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। कई जगह ओले गिरे हैं। तेज हवाएं चलने की वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई जो सुबह तक नहीं आई है। सिटी सेंटर, गोविंदपुरी जैसे दिन रात व्यस्त रहने वाले इलाके पूरी रात अंधेरे में डूबे रहे। तेज बारिश होने की वजह से जलभराव हुआ और कई जगह बड़े पेड़ भी गिर गए, इससे यातायात की स्थिति भी बिगड़ गई।
अचानक बारिश से लोग जहां-तहां सिर छिपाते हुए नजर आए।ग्वालियर में मौसम ने अचानक करवट बदला। आधी रात के आसपास तेज हवाओं के बीच धूल भरी आंधी चली। इस दौरान हुई बारिश ने ग्वालियर को गर्मी से राहत तो दी लेकिन जनजीवन प्रभावित भी हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय नमी के टकराव के कारण हुआ है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार के लिए भी बारिश और तूफान का रेड अलर्ट जारी किया है। आज रात तेज गर्जना के साथ जोरदार बारिश और बिजली कड़की। दर्जनों पेड़ भी टूट कर गिर गए। तेज आंधी से भारी नुकसान हुआ है। कई निर्माणाधीन मकानो की दीवार गिर गई।
