नयी दिल्ली 21 मई (वार्ता) दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बुधवार की देर शाम मौसम ने अचानक करवट की और धूल भरी तेज हवा चलने के साथ ही बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
तेज हवाएं की वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। वहीं, तेज बारिश होने की वजह से जलदमाव हो गया। कई जगह पेड़ भी गिर गए, जिससे यातायात में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगह ओले गिरने की भी सूचना है। अचानक बारिश और ओले गिरने से लोग जहां-तहां सिर छिपाते हुए नजर आए।
राष्ट्रीय राजधानी रात 8:00 के आसपास तेज हवाओं के बीच धूल भरी आंधी शुरू हुयी। इस दौरान हुई बारिश में कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुयी। आंधी और बारिश ने दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत तो दी, लेकिन जनजीवन प्रभावित भी हुआ। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय नमी के टकराव के कारण हुआ है।
मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण पूर्व जिला में 8:00 से रात के 10:00 बजे बारिश और तूफान का रेड अलर्ट जारी किया था।
नोएडा में भी तेज गर्जना के साथ जोरदार बारिश और बिजली कड़की। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित छठवें एवेन्यू में आंधी से इलेक्ट्रिक शॉफ्ट का ग्लास टूट गया, इसके साथ ही टॉवर के बाहर लगे पोल भी टूट कर गिर गए। तेज आंधी से नुकसान हुआ है। वहीं तेज आंधी और बारिश की वजह से नोएडा के सेक्टर 45 की खजूर कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई तथा इस घटना में एक युवक घायल होना बताया जा रहा है।
आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर मेट्रो रेल सेवा पर भी देखने को मिला। मेट्रो रेल काफी समय रूक-रूक कर चलती रही। इस दौरान कई जंक्शनों पर मेट्रो रेल का पड़ावा पांच से 10 मिनट का रहा।
तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुछ उड़ानें विलंबित हुईं है। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
