
इंदौर. मल्हारगंज थाना क्षेत्र के दलिया पट्टी इलाके में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लग गई. आग ने तेजी से फैलते हुए पास खड़ी दो बाइक, एक मोपेड और एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया. कार का अगला हिस्सा बुरी तरह जल गया, वहीं पास स्थित अनाज दुकान का शटर और इलेक्ट्रिक बोर्ड भी जलकर खाक हो गया.
मल्हारगंज थाना प्रभारी वरेंद्र सिंह कुशवाह का कहना है कि, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक स्कूटर ही मानी जा रही है. फिलहाल थाने पर किसी पक्ष ने आगजनी को लेकर शिकायत दर्ज नहीं करवाई है, फिर भी मामले में जांच पड़ताल की जा रही है. घटना गली नंबर-2 स्थित एक अनाज दुकान के सामने दोपहर करीब 3 बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटर से पहले धुआं निकला और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई. लपटों ने पास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, सूचना मिलते ही फायर ब्रिग्रेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया.
