
पांढुरना, आगामी 11 सितंबर को पांढुरना नगर जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध गोटमार मेले के आयोजन को लेकर कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आज बुधवार को जिला कलेक्टर नीरज वशिष्ठ द्वारा विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर इस मेले को शांति पूर्वक कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए । इस बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने पर जोर दिया गया। भीड़ नियंत्रण, प्रवेश एवं निकासी मार्ग तथा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान पर्याप्त चिकित्सकीय दल, प्राथमिक उपचार केंद्र एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के लिए कहा गया।
इसके साथ ही फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर, पेयजल, विद्युत, प्रकाश एवं स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को मेला क्षेत्र में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर बस स्टैंड एवं मेला क्षेत्र में संभावित दबाव को देखते हुए आवश्यक प्रबंध करने, पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने तथा यातायात सुचारू बनाए रखने पर चर्चा हुई। प्रशासन द्वारा मेले से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
