
इंदौर।शहर में खुलेआम नशा करने वालों पर अब पुलिस का शिकंजा कसने लगा है. दो दिन पहले सुपर कॉरिडोर पर युवतियों और युवकों का चिलम से गांजा पीते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है. वीडियो में युवतियों को सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते और एक युवक को चिलम जलाते देखा गया था. वीडियो वायरल होने के बावजूद मौके पर पुलिस नहीं पहुंची थी, जिसके चलते अब क्राइम ब्रांच को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं.
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर, जहां नशाखोरी या शराबखोरी की शिकायतें मिलती हैं, वहां अब रोजाना रात में चेकिंग अभियान चलेगा. क्राइम ब्रांच की टीम सुपर कॉरिडोर पहुंची, जहां सड़क किनारे और ब्रिज की पाल पर बैठे संदिग्धों को खदेड़ा और कुछ को हिरासत में भी लिया. वहां मौजूद कारों और बाइकों की तलाशी भी ली गई.
डीसीपी का कहना है कि टीसीएस चौराहे के पास बनी अवैध गुमटियों में रात होते ही युवक-युवतियों का जमावड़ा लगता है, जहां गांजा, सिगरेट और शराब का सेवन किया जाता है, विजयनगर, बायपास और रिंगरोड जैसे क्षेत्रों में भी नाइट कल्चर के चलते ऐसी घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं. अब पुलिस इन सभी हॉटस्पॉट्स को चिन्हित कर नियमित कार्रवाई करने की योजना बना रही है.
